जम्मू। बनिहाल बाईपास के 2.7 किलोमीटर के निर्माण को लगभग पूरा कर लिया गया है। इसे विधानसभा चुनाव के बाद लोगों को समर्पित करने की योजना है। इससे अमरनाथ यात्रियों सहित हजारों वाहन चालकों को जाम से निजात मिलेगी। इसके साथ सभी मौसम में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा। इस परियोजना पर करीब 296 करोड़ रुपये की लागत आई है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच बनिहाल के भाग में जाम बड़ी चुनौती रहा है। श्रीनगर जाने के लिए बनिहाल के संकरे मार्ग से वाहनों को गुजरना पड़ता है। इससे कुछ मिनटों के सफर के लिए कई बार कई घंटे लग जाते हैं। एक तरफा ट्रैफिक को छोड़कर दूसरी तरफ से चालू किया जाता है। इससे स्थानीय लोगों को भी जाम के तनाव से राहत मिलेगी। बनिहाल बाजार में जाम खत्म होने पर व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। मौजूदा बाजार के संकरा होने के कारण वहां चार पहिया वाहन खड़ा करना मुश्किल होता है। इस परियोजना को मार्च 2024 में पूरा किया जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे आगे बढ़ाया गया। बनिहाल बाईपास के खारपोरा खंड में भूमि मालिकों के मुआवजे के मुद्दे को अदालत द्वारा सुलझाए जाने के बाद 2021 में काम शुरू हो पाया था। बनिहाल दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड को 8.5 किलोमीटर लंबी सुरंग के माध्यम से जोड़ने वाले राजमार्ग पर एक महत्वपूर्ण शहर है। बनिहाल बाजार के साथ नाले में नवनिर्मित बाईपास संभावित भूस्खलन वाले क्षेत्र से बाहर कुछ ही मिनटों में घंटों का समय (जाम के कारण) तय करेगा। मौजूदा बनिहाल में भारी यातायात के कारण जाम छात्रों, कारोबारियों, कार्यालय जाने वालों, रोगियों सहित स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है।
-
कोट
बनिहाल बाईपास का निर्माण अंतिम चरण में है। हम इसे जल्द शुरू करेंगे। इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल में जाम की समस्या खत्म होगी। दोनों तरफ से यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा। स्थानीय हजारों लोगों को भी राहत मिलेगी।
-पी सिवा शंकर, क्षेत्रीय अधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण