जम्मू्। बाहु फोर्ट पुलिस ने चोरी के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। दुकान से चोरी किए 1.75 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। इसमें एक स्टील तंदूर, एक चीनी स्टील काउंटर, एक लोहे की बाथिया और अन्य बर्तन शामिल हैं।
मई में त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन निवासी आशीष नंदा पुत्र जोगिंदर नंदा ने बाहु फोर्ट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कहा था कि दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान में घुसे और शटर के ताले तोड़कर सामान चुरा लिया। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने विश्वसनीय स्रोतों से इनपुट के आधार पर और तकनीकी सहायता से चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान संचित सावनी निवासी गुड़ा ब्राह्मणा बनतालाब और सचिन डोगरा निवासी मोहल्ला मंगोत्रियन जैन बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।