एमसीएच अस्पताल में माताओं में बेबी किट वितरित करते जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य।
जम्मू। समाज कल्याण विभाग के मिशन शक्ति संकल्प के तहत वीरवार को एमसीएच (जच्चा बच्चा) अस्पताल गांधीनगर में उपायुक्त ने 60 नवजात बच्चियों के माता-पिता को बेबी-किट वितरित कीं।
इससे पूर्व अस्पताल में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त जम्मू सचिन कुमार वैश्य ने नवजात बच्चियों की माताओं की उपस्थिति में पौधे लगाए। उन्होंने अस्पताल का विशेष रूप से निको ए और बी का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने नवजात लड़कियों के माता-पिता को बेबी-किट वितरित करते हुए लड़कियों के जन्म को लड़कों के समान महत्व देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए। हमारी बेटियां दुनिया भर में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने अस्पताल की तीसरी मंजिल पर प्रस्तावित मिल्क बैंक (व्यापक स्तनपान प्रबंधन केंद्र) परियोजना की जानकारी ली।
इस मौके पर एडीसी शिशिर गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता राजपूत, जिला मिशन समन्वयक मिशन शक्ति शगुन मनचंदा, डॉ. अनीश उप्पल सलाहकार प्रभारी पीडियाट्रिक्स, डॉ. जसप्रीत सिंह नियोनोलॉजिस्ट मौजूद रहे।