जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि केंद्र जम्मू क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक और सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लेने और 17 अप्रैल से जम्मू में एआईसीसी के नवनियुक्त महासचिव जम्मू-कश्मीर मामलों के प्रभारी डॉ. सैयद नसीर हुसैन (सांसद) के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे। कर्रा ने कहा कि सुरक्षा बल पाकिस्तान से आतंकवाद और घुसपैठ के प्रयासों का बहादुरी से मुकाबला कर रहे हैं। लेकिन पिछले कई महीनों से विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में स्थिति में गिरावट देखी जा रही है। यह बहुत चिंता का विषय है। केंद्र को लोगों के सहयोग से आतंकवाद को रोकने के लिए और अधिक प्रभावी उपाय अपनाने चाहिए। पीसीसी अध्यक्ष ने बताया कि नवनियुक्त एआईसीसी महासचिव 17 अप्रैल को सुबह की फ्लाइट से यहां पहुंचेंगे और हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और बाद में वह अफसार गेस्ट हाउस शक्तिनगर, जम्मू में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर में वह प्रमुख पीसीसी नेताओं, जिला अध्यक्षों, पूर्व विधायकों और फ्रंटल प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। जबकि वह अपने प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों का जायजा लेने के लिए जम्मू प्रांत के सभी जिलों से आए विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों से मिलेंगे और 19 अप्रैल को वापस लौटेंगे।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष तारा चंद, रमन भल्ला सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता व अन्य मौजूद रहे।