जम्मू। सिख समन्वय समिति जम्मू-कश्मीर के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष एस. अजीत सिंह के नेतृत्व में राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रदेश में रहने वाले सिख समुदाय के संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि पात्र सिख आबादी को पहाड़ी जातीय समूह में शामिल किया जाए। पंजाबी भाषा को बढ़ावा दिया जाए और श्रीनगर में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाए। एस. अजीत सिंह ने उपराज्यपाल को सिख समुदाय से संबंधित विभिन्न मुद्दों से अवगत कराया। इसमें ऐतिहासिक गांव सेर मंजला, रामनगर, उधमपुर में गुरुद्वारा साहिब के पुनर्निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग भी रखी गई। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को आश्वासन दिया कि बातचीत के दौरान उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।