माता रानी की मूर्ति का फूलों से किया शृंगार
माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालु चीची माता मंदिर में टेकते हैं माथा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। नवरात्र के आगमन पर कस्बे के बसंतर दरिया के तट पर स्थित चीची माता मंदिर को पूरी तरह से सजाया गया है। मंदिर में माता रानी का शृंगार फूलों से किया गया है।
नवरात्र में चीची माता मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। दूर दराज से लोग चीची माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु चीची माता के दर्शन कर ही लौटते हैं। मंदिर को संवारने का काम एक सप्ताह से चल रहा है।
प्रबंधकों के अनुसार मंदिर की सजावट के लिए पहले पंजाब से फूल मंगवाए जाते थे। इस बार जम्मू से ही फूल मंगवाए गए हैं। इस बार मंदिर की सजावट अधिक की गई है। जिला प्रशासन की ओर से बिजली, पानी की सुचारु व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यातायात विभाग को कहा गया है कि सभी सुपरफास्ट यात्री बसों को चीची माता मंदिर में श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने के लिए रुकने के निर्देश जारी करें। जिला पुलिस की ओर से नवरात्र पर मंदिरों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। सिविल वर्दी में भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
मंदिर के पुजारी बंसी लाल शर्मा ने बताया कि सुबह 4.30 बजे मंदिर के कपाट खुलेंगे। सुबह 5 बजे आरती शुरू होगी, जो 5.30 बजे खत्म होगी। सुबह 9 बजे पूजा शुरू की जाएगी और 10 बजे झंडा चढ़ाया जाएगा।
बाक्स
मंदिर को सजाने के लिए एक लाख की लागत से फूल मंगवाए गए हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में ही प्रसाद की सुविधा है। मंदिर में प्रत्येक दिन आरती की व्यवस्था है। मंदिर को सजाने के लिए पहले पंजाब के अमृतसर से फूल मंगवाए जाते थे, इस बार जम्मू से ही फूल मंगवाए हैं।
कपिल महाजन, प्रधान, चीची माता मंदिर विकास कमेटी