जम्मू के गुरुद्वारा चढ़ दी कलां में अरदास करते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह।
जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी समुदाय सिख समुदाय को 40 साल के लंबे संघर्ष के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में न्याय मिला है। उम्मीद है कि मोदी के कार्यकाल में जगदीश टाइटलर को फांसी दी जाएगी।
जम्मू में रविवार को गुरुद्वारा चढ़दी कलां में अरदास करने के बाद सिंह ने कहा कि मैं टाइटलर के खिलाफ कार्यवाही शुरू करने के सीबीआई अदालत के फैसले का स्वागत करता हूं। मैंने अदालत को एक वीडियो भी दिया है जिसमें टाइटलर ने 100 से अधिक सिखों की हत्या करने की बात कबूल की है। अकाल तख्त पर हमला चुनाव जीतने के लिए किया गया था। मैंने राजीव गांधी का वह वीडियो भी सार्वजनिक किया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। ढींगरा समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि 84 के दंगों में कोई अदृश्य हाथ था। मैंने एक याचिका दायर की है जिसमें मांग की गई है कि 84 के दंगों के पीछे अदृश्य हाथ को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। पूर्व रॉ प्रमुख जीबी सिद्धू ने भी अपनी पुस्तक में उल्लेख किया है कि सिखों के खिलाफ 84 के दंगों में पुलिस, न्यायपालिका और प्रशासन ने समझौता किया था।