जम्मू। एनसीसी ट्रेनिंग अकादमी नगरोटा में रविवार का दिन कैडेट के लिए प्रेरणा से भरा रहा। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख एनसीसी निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल अनुपिंदर सिंह बेवली, वीएसएम ने सीएटीसी-जे 4 कैंप का विशेष दौरा किया।
इस दौरान मेजर जनरल बेवली ने कैडेट के साथ संवाद किया। उन्हें श्रीनगर में होने वाले स्पेशल नेशनल इंटीग्रेशन कैंप की तैयारी में जुटने को कहा। उन्होंने बताया कि यह कैंप न सिर्फ सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक है, बल्कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की पहचान को देशभर के सामने प्रस्तुत करने का एक सशक्त मंच भी है। उन्होंने आईडीएसएससी-2025 की तैयारी कर रहे कैडेट के साथ भी गहन संवाद किया। उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर उत्कृष्टता की ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर मेजर जनरल बेवली की पत्नी, गुरप्रीत बेवली ने डाइनिंग एटिकेट्स एंड सोशल ग्रेसेज पर एक कार्यशाला का संचालन किया। कैडेट को न केवल व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला बल्कि उन्होंने सीखा कि एक सच्चा लीडर सिर्फ वर्दी नहीं, बल्कि संस्कारों और व्यवहार में भी उत्कृष्ट होता है। ब्यूरो