श्रीनगर। प्रदेश में सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा सेवा मंगलवार को शुरू हो गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) से बस को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री सतीश शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू मौजूद रहे।
सीएम उमर ने कहा, हमने बजट में महिलाओं के लिए एक अप्रैल से राज्य सड़क परिवहन निगम (एसआरटीसी) और स्मार्ट सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी। अब वादा पूरा कर दिया है। अब महिलाओं की यात्रा आसान और आरामदायक हो जाएगी। उम्मीद है कि महिलाएं अब सुरक्षित माहौल में यात्रा कर सकेंगी।
एसआरटीसी और ई-बसों को घाटा नहीं होगा
उमर ने कहा, मुफ्त यात्रा से एसआरटीसी और ई-बसों को कोई घाटा नहीं होगा। हम बजट से मुआवजा देंगे। वहीं, एक्स पर पोस्ट में सीएम ने कहा कि यह सिर्फ कल्याणकारी उपाय नहीं है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और सुलभ गतिशीलता के प्रति प्रतिबद्धता है। उधर, महिलाओं ने सेवा का स्वागत किया है। यात्री फिजा नबी और बिलकीस जान ने कहा, सरकार की अच्छी पहल है। महिलाएं प्रदेश में कहीं भी मुफ्त सफर कर सकेंगी।