जम्मू। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात कर कश्मीरी पंडितों व सिखों की सुरक्षा, शिक्षा व रोजगार के मुद्दे पर चर्चा की।
लालपुरा ने मंत्री को बताया कि जम्मू कश्मीर में हुनर हाट के माध्यम से कश्मीरी पंडितों व सिखों को स्कॉलरशिप, प्रशिक्षण और रियायती दाम पर लोन की सुविधा मुहैया करवाने जैसी कवायदें शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा, जम्मू कश्मीर में अल्पसंख्यकों को प्रशिक्षण मुहैया करवाने के लिए धनराशि मुहैया करवाने का आग्रह सरकार से किया गया है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों को पुख्ता सुरक्षा मुहैया करवाने को केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। जम्मू कश्मीर में रह रहे अल्पसंख्यकों को आजीविका के पर्याप्त मौके मुहैया करवाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने आयोग के चेयरमैन से कहा कि वह जम्मू कश्मीर में अल्पसंख्यकों की संस्कृति और भाषा को संरक्षित करने की तरफ खास ध्यान केंद्रित करें। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा अल्पसंख्यक केंद्रित क्षेत्रों में विकास की कमी को दूर करने की दिशा में इस योजना के माध्यम से काम किया जाना चाहिए।
योजना के तहत 80 फीसदी राशि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर के विद्यार्थियों को प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति देने के लिए 35 करोड़ की राशि मंजूर की गई है।