जम्मू। जम्मू कश्मीर में विकसित भारत के तहत स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति संबंधित क्षेत्रों में मामलों की शिनाख्त करके कार्य योजना और रणनीति तैयार करेगी। इसमें स्वास्थ्य और पोषण क्षेत्र में दूरियों को कम करने के प्रयास किए जाएंगे। समिति के सदस्य 5 नवंबर से पहले हितधारकों, विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ बैठक कर उचित रिपोर्ट तैयार करेंगे।
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव भूपेंद्र कुमार की ओर से जारी एक आदेश में समिति में उन्हें चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसके अलावा समिति में आयुक्त खाद्य सुरक्षा, ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल आर्गेनाइजेशन, मिशन निदेशक एनएचएम को संयोजक, जीएमसी जम्मू और श्रीनगर की प्रिंसिपल, स्वास्थ्य निदेशक जम्मू व कश्मीर, एचओडी प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन जम्मू व श्रीनगर, समाज कल्याण विभाग से अतिरिक्त सचिव स्तर के प्रतिनिधि, एनआईपीआई डा. मुश्ताक अहमद डार और एपिडामिनिलाजिस्ट डा. हरजीत राय शामिल हैं।