जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय ने हिंदी, अंग्रेजी, बोटनी, स्टेटेटिक्स, जूलॉजी और भौतिक विज्ञान सहित अन्य विभागों ने पीएचडी में कुल 100 से अधिक सीटें भरने के लिए शुक्रवार को लिखित परीक्षा ली। विश्वविद्यालय के रिसर्च डीन के निर्देश के अनुसार परीक्षा 12 से तीन बजे तक चली। 9 बजे से ही परीक्षार्थी विभागों में पहुंच गए थे। कई विभागों ने परीक्षा शुल्क जमा करवाने का ऑनलाइन प्रावधान रखा तो कई ने ऑफलाइन। जिन विभागों ने ऑफलाइन मोड से एग्जाम फीस जमा करवाने का प्रावधान रखा था। उन विभागों में फीस जमा करवाने के लिए परीक्षार्थी कतार में लगे रहे। बारी-बारी से परीक्षार्थियों के दस्तावेज जांचे गए और फीस भी जमा की गई। निर्धारित समय 12 बजे अभ्यर्थियों को विभागाध्यक्षों की निगरानी में परीक्षा केंद्रों में भेजा गया। जहां पहले से सीरियल नंबर दिए गए थे। उन्हें उसी के मुताबिक परीक्षा केंद्र में बैठाया गया है। परीक्षा देते समय़ कोई आपत्तिजनक सामग्री साथ रखने पर सख्त प्रतिबंध था।
परीक्षा 100 अंकों की थी। इसमें 50 अंक का प्रश्न पत्र शोध संबंधी पाठ्यक्रम से और 50 अंक का प्रश्न पत्र संबंधित विषय से था। तीन बजे परीक्षा समाप्त हुई है। जल्द ही नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे। उसके बाद दाखिले शुरू करने की तारीख निर्धारित की जाएगी। जानकारी के अनुसार हिंदी विभाग में करीब 47 अभ्यर्थियों ने 4 सीटों के लिए आवेदन किया था, लेकिन कई अभ्यर्थी किसी कारण से परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए हैं।
विश्वविद्यालय में शिक्षकों की हड़ताल के चलते पीएचडी की लिखित परीक्षा दो बार स्थगित कर दी गई थी। पहले 18 और फिर 22 सितंबर को तारीख तय की थी, लेकिन हड़ताल के चलते नहीं ली गई थी। यह अब शुक्रवार को आयोजित की गई।