जम्मू। अक्तूबर का महीना शुरू होने के साथ ही कश्मीर के मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है। हालांकि मौसम साफ रहने की वजह से जम्मू में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ है। हालांकि कश्मीर के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में भी अब मौसम साफ ही बना रहेगा। ऐसे में पहाड़ी जिलों में तापमान में गिरावट और मैदानी जिलों में सामान्य से कुछ ज्यादा तापमान बना रह सकता है।
रविवार को जम्मू में धूप खिली रही। इसी वजह से यहां पर सामान्य से एक डिग्री ज्यादा तापमान रहा। यहां पर दिन का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कश्मीर के श्रीनगर जिले में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस कम होकर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पहलगाम में दिन का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।