जम्मू। पीसीसीएफ और वन बल के प्रमुख डा. मोहित गेरा ने ग्रीन जम्मू कश्मीर अभियान को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। मानसून सीजन के दौरान 22.45 लाख पौधे लगाए गए हैं। विभाग एक विशेष परियोजना किश्तवाड़ हाई एल्टीट्यूड नेशनल पार्क के लिए शमन योजना लागू कर रहा है। गेरा ने वीरवार को कन्वेंशन सेंटर जम्मू में कैंपा कार्यकारी समिति की बैठक में जारी कार्यों की समीक्षा के साथ वित्त वर्ष 2023-24 के लिए एपीओ (वार्षिक योजना आपरेशन) की तैयारी करने पर चर्चा की।
गेरा ने कहा कि कैंपा जम्मू कश्मीर को हरा भरा करने, वन्यजीव प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और फ्रंटलाइन कर्मचारियों के लिए बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कैंपा पोर्टल के तहत पिछले वर्ग लगभग 95 लाख पौधों के रोपण के साथ कुल 15000 हेक्टेयर वन क्षेत्र का पुनर्वास की विशिष्ट योजना तैयार की गई थी। योजना को राष्ट्रीय प्राधिकरण, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा अनुमोदित किया गया है और कार्यान्वयन के अधीन है। जम्मू कश्मीर कैंपा देश का एकमात्र राज्य प्राधिकरण है जिसने इस तरह का पोर्टल विकसित किया है। समिति को पिछले तीन वर्षों के लिए कैंपा कार्यों की तृतीय पक्ष निगरानी की स्थिति से अवगत कराया गया।