जम्मू। उधमपुर के पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया वीरवार को भाजपा में शामिल हो गए। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर तरुण चुग ने कहा कि बलवंत सिंह मनकोटिया जनता से जुड़े हुए नेता हैं और उनके भाजपा में शामिल होने से जम्मू-कश्मीर में भाजपा और मजबूत होगी। मनकोटिया ने भाजपा नेताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह राष्ट्रवाद और भाजपा को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि बलवंत सिंह मनकोटिया जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं। पैंथर्स पार्टी को छोड़ मनकोटिया आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे, लेकिन पिछले सप्ताह ही उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।