आरएस पुरा। उधमपुर जिला में दोहरे बम धमाके और पुंछ में आईईडी मिलने के बाद सीमावर्ती आरएस पुरा में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। जगह-जगह वाहनों और संदिग्धों की जांच साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही रेहड़ी-फड़ी वालों के दस्तावेज की भी जांच की गई।
वीरवार को एसडीपीओ आरएस पुरा सुरेंद्र सिंह और थाना प्रभारी पवन कुमार डोगरा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने बस स्टैंड के सहित सार्वजनिक स्थलों में पहुंचकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों से भी पूछताछ की। एसडीपीओ ने बस चालकों एवं सह चालकों से बातचीत कर सफर करने वाले यात्रियों पर पूरी नजर रखने के लिए कहा और संदिग्ध दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। यात्रियों को भी जागरूक करें कि सफर करने से पहले अपनी सीटों को पूरी तरह से जांच कर ले और अगर कोई व्यक्ति पर किसी तरह का कोई शक होता है तो उसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों को दें।
गौरतलब रहे कि उधमपुर में दो बम धमाकों और पुंछ में आईईडी मिलने के बाद प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद से लगातार तलाशी अभियान चलाए जाने के साथ लोगों को त्योहारों के मौसम में सतर्क रहने का आग्रह किया। पुलिस ने आरएस पुरा कस्बे व बस स्टैंड में अन्य राज्यों के लोगों द्वारा रेहड़ी व फड़ी लगाए जाने पर उनके दस्तावेजों की जांच की और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पुलिस थाने में जमा करवाने के निर्देश दिए।