जम्मू। नई दिल्ली में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजेश प्रसाद को सरकार ने जम्मू कश्मीर में बिजली विभाग का प्रधान सचिव तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया है। अब तक उप राज्यपाल के प्रधान सचिव नीतीश्वर कुमार बिजली विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाने की रफ्तार को बढ़ाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को शामिल करना और प्रदेश में बिजली घाटे पर लगाम लगाना राजेश प्रसाद के लिए मुख्य चुनौती रहेगी। सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव डॉ. पीयूष गोयल ने राजेश प्रसाद को जम्मू-कश्मीर में बिजली विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किए जाने का आदेश जारी किया है।