जम्मू। नागरिक सचिवालय में सोमवार को कौशल विकास विभाग के प्रधान सचिव डॉ. असगर हसन सामून की अध्यक्षता में पॉलिटेक्नीक कॉलेजों में हुए दाखिलों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधान सचिव ने कॉलेजों में नामांकन सुधार और मूल ढांचा विकसित करने सहित अन्य पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में नियमित जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने चाहिएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र पॉलिटेक्नीक कॉलेजों में दाखिले लें। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि वे अपने-अपने जिलों में विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय रखने के लिए टीमों का गठन करें। कॉलेजों में दाखिले के लिए छात्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। प्रधान सचिव ने कहा कि डिजिटल संचार और इंस्ट्रूमेंटेशन के पाठ्यक्रमों को छात्रों के बीच लोकप्रिय बनाया जाना चाहिए। इसमें नौकरी के अवसर हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के परामर्श से दूर दराज के इलाकों में भी छात्रावास की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि छात्रों को किसी तरह की असुविधा न हो।