फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में मेडिसिटी के लिए 4400 करोड़ के 22 प्रस्ताव : एलजी

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। प्रदेश में मेडिसिटी स्थापित करने के लिए 4400 करोड़ रुपये के 22 प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। जम्मू कश्मीर में औद्योगिकीकरण अभियान में मेडिसिटी स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर काम चल रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले दो वर्षों में जम्मू-कश्मीर को हेल्थ सेक्टर की रैंकिंग में देश के शीर्ष राज्यों और यूटी में गिना जाएगा। ये बातें उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने रेडियो कार्यक्रम ‘आवाम की आवाज’ में गांदरबल के फारूक गांदरबली के पत्र के जवाब में कहीं। फारूक ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन को चिकित्सा पर्यटन के लिए प्रयास करने के लिए लिखा था।
विज्ञापन

एलजी मनोज सिन्हा ने आगे कहा कि विश्वास और पारदर्शिता सुशासन का दिल है। लोगों की सेवा के लिए कड़ी मेहनत, योग्यता और अटूट निष्ठा की जरूरत है। हाल ही में उन्होंने पुंछ, डोडा, किश्तवाड़ का दौरा किया है। जिलों में विकास की नई ऊर्जा का विस्तार हो रहा है। पहले इन जिलों को नजर अंदाज किया गया था। समता और सामाजिक समरसता की राह पर चलकर आत्मनिर्भर जम्मू कश्मीर के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि मिट्टी एक ही है पर उससे अलग-अलग कई घड़े बना सकते हैं। लोहे को पिघला कर कई तरह की चीजें बनाई जा सकती हैं। इसी तरह अवसरों का लाभ उठाकर अपने आप को एक जागृत समाज में बदला जा सकता है। प्रदेश में आम आदमी अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हुआ है। जिलों में नई सामाजिक चेतना का उदय हुआ है। एक-एक व्यक्ति के बदलाव से ही नव निर्माण संभव है।
विज्ञापन

बायो मेडिकल वेस्ट से बनी सड़क से धन की बचत
उप राज्यपाल ने बताया कि कश्मीर की दो एमटेक छात्राओं ने रिसर्च में बढ़िया काम किया है। बर्फबारी के दिनों में सड़कों को काफी नुकसान होता है और राजस्व का भी घाटा होता है। इसको ध्यान में रखते हुए बांदीपोरा की बेनीत उल इस्लाम और शबनम मसूद ने बायो मेडिकल वेस्ट के इस्तेमाल से सड़क बनाने की तरकीब खोज निकाली है। छात्राओं द्वार बनाई गई 20 मीटर रोड की टेस्टिंग भी की गई, जिसमें वह सफल हुई हैं। इसके लिए उन्हें बेस्ट यंग इनोवेटर अवार्ड मिला है। इस सड़क के बनने से प्रति मीटर रोड बनाकर करीब 500 रुपये की बचत होगी और बायो मेडिकल हैजार्ड से बचा जा सकेगा। उपराज्यपाल ने सड़क और पीडब्ल्यूडी विभाग को छात्राओं से संपर्क कर इस इनोवेशन का अध्ययन करने को कहा।
शिवखोड़ी में महिलाओं ने शुरू किया ‘डोगरा हाट’
एलजी ने कहा कि जिला रियासी की कोठिया पंचायत की सरपंच नीलम शर्मा महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं। उन्होंने सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से शिवखोड़ी के पास डोगरा हाट की शुरुआत की है। यहां पर्यटक बीस प्रकार के डोगरा व्यंजन का आनंद ले रहे हैं। इसे संचालित कर रही सभी महिलाओं को विभिन्न ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता दी जा रही है। शिवखोड़ी में ‘उम्मीद’ सेल्फ हेल्प ग्रुप का रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू किया गया है। उपराज्यपाल ने इसके लिए उन्हें बधाई दी है।
बडगाम के कालीन संसद के नए भवन की बढ़ाएंगे शोभा
उपराज्यपाल ने कहा कि बडगाम के बुनकर हमारी शान हैं। बडगाम के पारंपरिक हाथ से बने कालीन संसद के नए भवन की शोभा बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह एक ऐतिहासिक अवसर है और जम्मू-कश्मीर के शिल्प कौशल के लिए उचित सम्मान है।
किसानी से आय हुई दोगुनी
राजोरी के देवेंद्र कुमार ने स्ट्रॉबेरी की खेती की शुरुआत की। इससे उनका लाभ 15 हजार रुपये सालाना से बढ़कर उतनी ही जमीन पर करीब 3.5 लाख रुपये सलाना हो गया है। वहीं, अंजुम जावेद तीन कनाल खेत में हाई डेंसिटी का सेब उगा रहे हैं। इससे आमदनी 10 हजार से बढ़ कर तीन लाख रुपये सलाना हो गई है। इससे किसानों को प्रेरणा मिल रही है। उधर कठुआ के धीरज शर्मा पारंपरिक फसल के अलावा स्ट्रॉबेरी और विदेशी सब्जियां उगा रहे हैं। इससे उनकी आमदनी दस लाख रुपये सलाना हो गई है।
श्रमिकों को सम्मान
उधमपुर के नीतीश खजूरिया ने एलजी को पत्र लिख कर श्रमिकों के सम्मान का सुझाव दिया है। नीतीश लिखते हैं कि परियोजना के उद्घाटन के दौरान इंजीनियर और अन्य अधिकारियों के साथ ही श्रमिकों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों को समाज के लिए एक दिन का श्रमदान करने का सुझाव दिया।
नदियों और झीलों के लिए शुरू हो विशेष प्रायोजन वाहन
जम्मू की अंबिका समनोत्रा ने पत्र लिखकर लेक ब्यूटीफिकेशन एंड रिवर फ्रंट डेवलपमेंट मामले को उजागर किया है। अंबिका ने सभी प्रमुख नदियों और झीलों के लिए एक एकीकृत योजना और हर परियोजना के लिए एक विशेष प्रायोजन वाहन का सुझाव दिया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इन नदियों और झीलों के इतिहास, संस्कृति और इसके बचाव के बारे में जान सके।
पर्यटन स्थल पर स्थापित हों ग्लैंपिंग डोम्स
श्रीनगर से उमर दीवानी ने पर्यटन क्षेत्र में ग्लैंपिंग (ग्लैमर्स कैंपिंग) डोम्स स्थापित किए जाने का सुझाव दिया है। साथ ही निजी क्षेत्र को इसमें शामिल करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इससे पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा और रोजगार भी बढ़ेगा।
ग्राम पर्यटन और होम स्टे में जोड़े पंचायतों के प्रतिनिधि
जम्मू के अखनूर के राजेश चिब ने ग्राम पर्यटन और होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को इसमें शामिल करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे सुविधाओं के इंतजाम और रखरखाव में मदद मिलेगी।
एलजी रोलिंग ट्राफी का हो विस्तार
कुपवाड़ा के मकसूद अहमद और श्रीनगर के शब्बीर अहमद शाह ने क्रिकेट में एलजी रोलिंग ट्रॉफी को खेल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अन्य विषयों में विस्तारित करने की इच्छा जताई है। उन्होंने रोलिंग ट्रॉफी में अन्य खेलों को शामिल करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें