जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा 2022 की पवित्र छड़ी मुबारक की बुधवार को शेषनाग में महंत दीपेंद्र गिरि महाराज की अगुवाई में साधु संतों ने विधिपूर्वक पूजा अर्चना की। शेषनाग से वीरवार सुबह छड़ी मुबारक पंचतरणी के लिए रवाना होगी।
तीस जून से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा 12 अगस्त को पवित्र छड़ी मुबारक के श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में पहुंचने के साथ संपन्न हो जाएगी। इस साल करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री अमरनाथ यात्रा 2022 में गत आठ जुलाई को पवित्र गुफा के करीब बादल फटने की घटना से पंद्रह यात्रियों की मौत हो गई थी। इसके बाद यात्रा मार्ग पर खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन की तरफ से पांच अगस्त के बाद जम्मू से किसी भी जत्थे को पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों की तरफ नहीं भेजा गया।