जम्मू। टेरर फंडिंग मामले में एनआईए की टीम प्रतिबंधित जमात ए इस्लामिया संगठन के कई और लोगों के ठिकानों पर दबिश दे सकती है। शहर के सुंजवां, बठिंडी, राजोरी, डोडा, किश्तवाड़ और कश्मीर के अन्य जिलों में यह कार्रवाई होगी। एनआईए ने टेरर फंडिंग में जमात के कई लोगों की पहचान की है, जिन पर जल्द कार्रवाई होगी। सूत्रों के मुताबिक एनआईए की छापेमारी के बाद जमात के कई लोग भूमिगत हो गए हैं, लेकिन इनकी पूरी कुंडली एनआईए के पास है।
बता दें कि सोमवार को एनआईए की टीम ने डोडा और जम्मू में जमात के 10 लोगों के घरों पर छापेेमारी की थी और इनके पास से कई तरह के दस्तावेज बरामद किए थे। जम्मू के बठिंडी में एक रिटायर डीएफओ के घर पर भी छापेमारी की गई थी। एनआईए की टीम ऐसे ही और कुछ और लोगों से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कुछ पुराने टेरर फंडिंग मामलों में भी जमात के लोगों का हाथ है। यह लोग अलगावादियों और आतंकियों तक फंड पहुंचाते रहे हैं।