जम्मू। रियासी में दबोचे गए आतंकी तालिब हुसैन ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आतंकी के निशाने पर भाजपा के बड़े मंत्रियों से लेकर नेता तक शामिल थे। इनमें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा के जम्मू-कश्मीर इंचार्ज एवं कद्दावर नेता तरुण चुघ मुख्य रूप से शामिल हैं। साथ ही साथ आतंकी ने भाजपा के त्रिकुटा नगर स्थित कार्यालय की भी पूरी रेकी की हुई थी।
सूत्रों का कहना है कि आतंकी तालिब हुसैन ने डॉ. जितेंद्र सिंह और तरुण चुघ के जम्मू आने पर तमाम गतिविधियों की जानकारी का पूरा शेड्यूल बनाया हुआ था। उसने अपने मोबाइल में पूरा वीडियो और तस्वीरें ले रखी थीं। इनमें इन दोनों नेताओं के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर उनके रात को रुकने तक की लोकेशन तक शामिल है। यह लोग जम्मू एयरपोर्ट पर कब पहुंचते हैं, कब वहां से जाते हैं। पार्टी कार्यालय में कब आते हैं और यहां आकर क्या गतिविधियां रहती हैं। वह किन लोगों से मिलते हैं। कहां-कहां और किस तरह से जाते हैं। ट्रेन से या हवाई सेवा से आदि। किस होटल में रुकते हैं। यह तमाम जानकारियां तालिब जमा करता था और इसके वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलरों और कश्मीर में सक्रिय लश्कर आतंकियों के पास भेज देता था। जांच एजेंसियों को तालिब के पास से जो मोबाइल फोन मिला है, उसमें यह तमाम जानकारियां हैं। इन खुलासों ने जांच एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं।
कई जांच एजेंसियों ने की पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि आतंकी तालिब हुसैन से एनआईए, एसआईए समेत कई अन्य जांच एजेंसियों ने पूछताछ की है। आतंकी तालिब को कई ऐसी जगहों पर भी ले जाया जाएगा, जहां-जहां से उसने नेताओं की रेकी की है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किस रूट से और किस जगह से सीमा पार से आने वाले गोला बारूद लेता था।
आतंकी तालिब से हो रही गहन पूछताछ
जानकारी के अनुसार आतंकी तालिब को अभी रियासी शहर में नहीं लाया गया है। उससे टकसन डोक पर ही पूछताछ चल रही है। यहां उसे एक माहौर थाने में रखा गया है। उससे वहीं पर कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसआईए और एनआईए की टीमें भी उससे पूछताछ कर रही हैं।