जम्मू। पिछले लंबे समय से खासतौर पर जम्मू संभाग के कई जिलों में मंगलवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश ने तपिश से राहत दिलाई। घाटी के विभिन्न जिलों में बीती रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह तक जारी रहा। आंधी और बारिश से डोडा और मजालता में युवती और किशोर की मौत हो गई।
बादलों के छाए रहने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारे में सामान्य से 4 से 6 डिग्री गिरावट आई है। इस बीच जिला डोडा की चराला तहसील के शरणी गांव में जंगल में लकड़ी लेने गई एक 18 वर्षीय युवती काजल देवी की आंधी तूफान के कारण पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आने से मौत हो गई। काजल ने अपने भाई को धक्का मारकर पीछे कर दिया, लेकिन खुद को विशाल पेड़ से नहीं बचा पाई। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार भी जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश होगी।
जम्मू में दिन की शुरुआत बादलों की गड़गड़ाहट से हुई। काली घटाए छाने से सुबह चारों ओर अंधेरा छा गया था। इस बीच हल्की बारिश शुरू हुई। घंटों तक तेज हवाएं भी चलती रहीं। लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। मौसम के बदले मिजाज से जम्मू में दिन का तापमान 35.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में 13.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 20.2, बटोत में 8.5 मिलीमीटर बारिश के साथ 21.5, कटड़ा में 10.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 31.2 और भद्रवाह में 26.0 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का पारा 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में 6.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 20.6, पहलगाम में 25.4 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 15.4 और गुलमर्ग में दिन का तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का तापमान 20.8 और कारगिल में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-------------