जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) 14 फरवरी से चुनाव सहायक (इलेक्शन असिस्टेंट) और मुख्य चुनाव अधिकारी (चीफ इलेक्ट्रोल) की सीबीटी परीक्षा शुरू करेगा। प्रदेश के दोनों संभागों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जम्मू संभाग के जम्मू विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) और कश्मीर संभाग के बडगाम में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पहले चरण की परीक्षा के लिए केंद्र में पहुंचने का समय 8.30 बजे है। 9.30 बजे परीक्षा शुरू होगी। बोर्ड की ओर से जारी की गई अधिसूचना में बताया गया है कि बिना प्रवेश और पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में जाने नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पेन कार्ड, राशन कार्ड या स्टूडेंट कार्ड दिखाकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल सकेगा। बिना किसी सक्षम अधिकारी के जारी किया गया पहचान पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिसूचना के मुताबिक पंजीकरण काउंटर पर प्रवेश पत्र की जांच की जाएगी। इस दौरान परीक्षार्थी के पास कोई प्रतिबंधित सामाग्री पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उसे परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। बोर्ड के मुताबिक जो अभ्यर्थी सीबीटी परीक्षा में सफल होंगे। उन्हें ही लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। किसी भी परीक्षार्थी की सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं ली जाएगी। टाइपिंग में 90 फीसदी एक्यूरेसी (शुद्धता) होनी चाहिए। किसी भी परीक्षार्थी को बोर्ड की ओर से टीए-डीए नहीं दिया जाएगा।