जम्मू। नेकां, पीडीपी समेत छह दलों पर आधारित गुपकार गठबंधन के प्रवक्ता मोहम्मद युसूफ तारिगामी ने कहा कि सिर्फ एक दल को फायदा पहुंचाने के लिए परिसीमन आयोग ने अंतरिम रिपोर्ट तैयार की है।
तारिगामी का कहना है कि प्रदेश के पांच सांसदों जिसमें नेकां के भी तीन सांसद शामिल हैं को मिली अंतरिम रिपोर्ट समझ से बाहर हैं। जम्मू संभाग के राजोरी और पुुंछ जिले में कश्मीर से सड़क मार्ग से पहुंचने के लिए मुगल रोड ही एक मात्र आसान माध्यम है। यह सड़क सर्दियो में बंद रहती है। राजोरी और पुंछ जिलों को अनंतनाग संसदीय क्षेत्र में शामिल किया गया है, जबकि मुगल रोड कश्मीर के शोपिया जिले से लिंक होती है। अनंतनाग उससे कही दूर है। शोपियां जिले को श्रीनगर संसदीय क्षेत्र में डाला गया है।
जम्मू का आरएस पुरा जोकि पिछले दो दशक से ज्यादा समय से आरक्षित सीट रही है। उसे एक बार फिर आरक्षित कर जन आकांक्षाओं से खिलवाड़ किया गया है। पुंछ जिले में तीन विधानसभा सीटों को आरक्षित कर दिया गया है। ऐसे में अन्य वर्ग कहा जाएंगे। कुल मिलाकर अंतरिम रिपोर्ट से न तो कश्मीर और न ही जम्मू संभाग के लोगों का भला होगा।
गुपकार गठबंधन में शामिल नेशनल कांफ्रेंस पहले ही अंतरिम रिपोर्ट को खारिज कर चुकी है और वह अपनी आपत्तियां 14 फरवरी तक परिसीमन आयोग को सौंप देगी। गुपकार गठबंधन के सभी दलों की बैठक 23 फरवरी को बुलाई गई है जिसमे परिसीमन समेत अन्य मुद्दो पर चर्चा होगी और गुपकार गठबंधन अपना पक्ष सार्वजनिक करेगा।