जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोरोना की तीसरी लहर धीमी पड़ती जा रही है। प्रदेश में शनिवार को 458 नए संक्रमित मिले। पिछले चौबीस घंटे में प्रदेश में तीन संक्रमित मरीजों की मौत हुई, जिसमें जम्मू संभाग से दो मौतें हुई हैं। प्रदेश में मौजूदा 5038 समर्पित कोविड बिस्तरों पर 182 मरीज ही भर्ती हैं, जबकि अन्य मरीज होम आइसोलेशन पर हैं। प्रदेश में वर्तमान में 6255 सक्रिय मामले हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 2594 मामले हैं। जम्मू कश्मीर के सभी बीस जिलों में दैनिक संक्रमित मामले प्रत्येक में 100 से कम आ गए हैं।
कोरोना संक्रमण दर घटने से प्रदेश प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग ने थोड़ी राहत की सांस ली है। जिला जम्मू में शनिवार को 12 यात्रियों समेत 88 संक्रमित मामले मिले। जिले में वर्तमान में 1116 सक्रिय मामले हैं, लेकिन प्रदेश में सर्वाधिक इसी जिले में 1222 लोगों की कोविड से मौत हुई है। राजधानी श्रीनगर में 80 नए संक्रमित मामले मिले हैं। डोडा में 65, उधमपुर में 26, कुपवाड़ा में 45 संक्रमित मामले मिले हैं।