जम्मू। अब कोविड के साथ शिक्षक चुनाव से जुड़े कार्यों में भी अपनी सेवाएं देंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंधी आदेश जारी किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव बीके सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि कोविड और चुनाव से जुड़े कार्यों के अलावा अन्य विभाग में अटैच शिक्षकों को अपने मूल तैनाती स्थल पर जाना होगा। वहीं कोविड और चुनाव से जुड़े कार्यों में शिक्षकों की तैनाती सिर्फ तीन महीने की होगी। एक स्कूल से एक ही शिक्षक की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिन शिक्षकों की कोविड और चुनाव कार्यों में ड्यूटी लगेगी, उनकी सूची स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू और कश्मीर को भेजनी होगी। आदेश में कहा है कि विभिन्न जिला उपायुक्तों ने शिक्षा विभाग से चुनाव से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए शिक्षकों की तैनाती को बरकार रखने की मांग की थी, जिसके बाद विभाग ने ये फैसला लिया है। आदेश में कहा कि जिला उपायुक्तों के कार्यालय में चुनाव से जुड़े कार्यों में तैनात शिक्षकों की तैनाती भी तीन महीने से ज्यादा नहीं होगी। बता दें कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में हजारों की संख्या में शिक्षक अटैचमेंट लेकर बैठे हैं। स्कूल में पढ़ाने की बजाय ये शिक्षक अन्य विभागों में लिपिक का काम कर रहे हैं और स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।