जम्मू। कोरोना संक्रमण में तेजी की वजह से 15 जनवरी शनिवार को गुपकार गठबंधन की जम्मू में प्रस्तावित बैठक को स्थगित कर दिया गया है। हालांकि गुपकार गठबंधन की उपाध्यक्ष एवं पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती शुक्रवार को सप्ताह भर के जम्मू दौरे पर पहुंच गईं।
गुपकार गठबंधन के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक मोहम्मद युसुफ तारिगामी का कहना है कि कोरोना संक्रमण में फैलाव को देखते हुए अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के निवास स्थान बठिंडी जम्मू में होने वाली गुपकार गठबंधन की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। हालात में सुधार के बाद गुपकार गठबंधन की बैठक पर नए सिरे से फैसला लिया जाएगा।
वहीं शुक्रवार को गुपकार गठबंधन की उपाध्यक्ष एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती जम्मू पहुंच गई। शाम चार बजे महबूबा मुफ्ती श्रीनगर से जम्मू पहुंचीं और कनाल रोड स्थित गेस्ट हाउस में उनका स्वागत पीडीपी नेताओ ने किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार महबूबा मुफ्ती ने अपने दौरे के दौरान आरएस पुरा में रैली को संबोधित करना था लेकिन कार्यक्रम को प्रशासन की मंजूरी नहीं मिली। हालांकि महबूबा मुफ्ती अपने दौरे के दौरान जम्मू में पार्टी नेताओं से बैठकों के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी।