जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के दाखिले का रिजर्वेशन रोस्टर एसओ 127 के तहत जारी हुआ है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और वीसी मनोज कुमार धर ने इस रोस्टर को मंजूरी दी है। सामान्य वर्ग के छात्रों को 57, अनुसूचित जाति के 8, डिफेंस एंड पैरामिलिट्री फोर्सेज के 2, सीमांत क्षेत्रों के 2, अनूसूचित जन जाति के 10, पिछड़े क्षेत्रों के 10, वीक एंड प्रिविलेज्ड क्लास के 4 और पहाड़ी बोलने वाले छात्रों को 4 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को 3 फीसदी, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वालों को 2 फीसदी, एनसीसी गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्रों को 2 फीसदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सेवा में भाग लेने वालों को 2 फीसदी, शारीरिक विकलांग को 5 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। कश्मीरी विस्थापितों, लाडली बेटी और विवि के कर्मचारियों के बच्चों को एक सीट प्रति प्रोग्राम में दी जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को 210 फीसदी आरक्षण मिलेगा। इस सत्र से जेयू में दाखिले रिजर्वेशन रोस्टर के मुताबिक होंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद विवि में प्रवेश प्रक्रिया केंद्र के नियमों के मुताबिक होगी। हालांकि इससे पहले छात्रों को बहुत कम संख्या में आरक्षण मिलता था।