जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार कम हुई है। पिछले 52 दिन बाद सोमवार को पहली बार प्रदेश में मौतों का आंकड़ा 10 से कम हुआ है। इसमें पिछले चौबीस घंटे में 9 ही मौतें हुईं। गत 23 अप्रैल को 19 मौतों के साथ यह ग्राफ लगातार ऊपर चलता गया और मई में पीक के दौरान कई ऐसे दिन थे जिसमें एक ही दिन में 70 से अधिक मौतें हुईं। 10 जून के बाद संक्रमित मामलों में और मौतों में कमी आई है। इस बीच प्रदेश में सोमवार को 599 नए संक्रमित मामले मिले, जिसमें जम्मू संभाग में 161 मामले हैं।
प्रदेश के कई जिलों में नए संक्रमित मामलों का आंकड़ा भी सिंगल पर आ गया है। इसमें रामबन में 8, कठुआ में 5, शोपियां में 4, गांदरबल में 7 मामले आए हैं। पिछले दो माह बाद जिला जम्मू में सोमवार को न्यूनतम 22 नए संक्रमित मामले मिले। हालांकि प्रदेश में इसी जिले में सर्वाधिक 1117 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है। राजधानी श्रीनगर में सर्वाधिक 161 नए संक्रमित मामले मिले हैं। प्रदेश में कुल संक्रमित मामलों में से 12 ही यात्री हैं। पिछले चौबीस घंटे में जीएमसी डोडा में 2, जीएमसी जम्मू में 2, डीएच गांदरबल में 1, स्किमस सोरा में 2, डीएच पुलवामा में 1 और जीएमसी बारामुला में 1 मौत हुई है। वर्तमान में कुल संक्रमित 308011 मामलों पर 13532 ही सक्रिय हैं। प्रदेश में अब तक 4195 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।
----
2139 संक्रमित मरीज ठीक हुए
प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 2139 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। इसमें जम्मू संभाग में 729 और कश्मीर संभाग में 1410 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना रिकवरी दर में काफी सुधार हुआ है और वर्तमान में यह 94 फीसदी से ऊपर है, यानी कुल संक्रमित मरीजों में से 6 फीसदी ही मामले सक्रिय हैं।
-----
प्रदेश में ब्लैक फंगस का एक और मामला
जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोरोना के संक्रमित मामलों के साथ ब्लैक फंगस के मामलों का आना जारी है। प्रदेश में सोमवार को ब्लैक फंगस का एक और मामला मिला। अब तक जम्मू-कश्मीर में ब्लैक फंगस के 20 मामले मिल चुके हैं, जिसमें कई पीड़ितों की मौत हो चुकी है।