जम्मू। अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप जम्मू के भगवती नगर में बिल्कुल सन्नाटा पसरा हुआ है। जून महीने का पहला सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अभी तक भगवती नगर स्थित यात्री निवास पर कोई तैयारी नहीं है। न तो यहां रंग रोगन हो रहा है और न ही साफ सफाई। रविवार को यात्री निवास बंद पड़ा था। मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ था। पिछले सप्ताह तो यहां पर टीकाकरण चल रहा था। इसके अलावा यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी दोबारा शुरू नहीं हो पाया है।
बता दें, अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्री निवास पर श्रद्धालु रुकते हैं और यहीं से उन्हें पवित्र गुफा के लिए अगले पड़ाव की ओर रवाना किया जाता है। पिछले वर्ष भी कोरोना के कारण अमरनाथ यात्रा नहीं हुुई थी। इस बार भी सरकारी तैयारियां शुरू नहीं हो पाई हैं।