जम्मू। जम्मू जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण जारी है। बुधवार को आंकड़ा 32 हजार से बढ़कर 55 हजार हो गया है। इनमें 32 हजार अति जोखिम में काम करने वाले लोग हैं। यह जानकारी जिला उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग ने दी।
उन्होंने कहा कि 45 प्लस वर्ग में जम्मू जिले में 3.65 लाख लोगों को कोविड का टीका लगा दिया गया है और 100 फीसदी लक्ष्य पूरा किया जा चुका है।
जम्मू जिले की कुल मिलाकर 30 फीसदी आबादी का अभी तक टीकाकरण हो चुका है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने 40 लाख कोविड वैक्सीन का कंपनियों को आर्डर दिया हुआ है। यह वैक्सीन प्रदेश में पहुंचने के बाद ही अब कोविड टीकाकरण लगाने का काम तेजी से आगे बढ़ेगा। फिलहाल 18 प्लस वर्ग में दो ही केंद्र एक जम्मू व दूसरा श्रीनगर में लोगों को टीका लगाने का काम कर रहा है। हालांकि 45 प्लस वर्ग में कई केंद्र जिला स्तर पर चल रहे हैं।