जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पिछले चौबीस घंटे में दो और लोगों ने कोविड संक्रमण से दम तोड़ दिया। इनमें गांधी नगर की 59 वर्षीय महिला भी शामिल है, जो जीएमसी में भर्ती थी। प्रदेश में अब तक 1976 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जिसमें कश्मीर संभाग से 1245 लोग शामिल हैं। प्रदेश में नए 97 संक्रमित मामले मिले हैं, जिसमें कश्मीर संभाग से 78 मामले हैं। प्रदेश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 973 तक पहुंच गया है। राहत यह है कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 59 संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं। इसमें कश्मीर संभाग से 57 मरीज ठीक हुए हैं।
जम्मू कश्मीर में कुल सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग में 748 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में नए संक्रमित मामलों में श्रीनगर में सर्वाधिक 53 मामले मिले हैं, जिसमें 10 यात्री हैं। इस जिले में सर्वाधिक 464 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है। जिला जम्मू में 15 संक्रमित मामले मिले और इस जिले में अब तक 378 लोगों की कोविड से मौत हुई है। प्रदेश के आठ जिलों में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। रामबन जिला लगातार कोविड मुक्त चल रहा है। कश्मीर में अभी कोई भी जिला कोविड मुक्त नहीं हुआ है।