फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेना ने राजनयिकों को बताया पाकिस्तान का पाखंड, कहा- अब सुरंग बनाकर आतंकी भेज रहा है पड़ोसी

Fri, 19 Feb 2021 12:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर

सार

  • सेना ने विदेशी राजनयिकों को आतंक की फैक्टरी चलाने वाली पाकिस्तानी सेना के बारे में बताया
  • कहा- दहशतगर्दों को सीमापार से धकेलने के लिए सीजफायर का उल्लंघन कर रही पाकिस्तानी सेना
विज्ञापन
सेना मुख्यालय में विदेशी दल... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान आतंक की फैक्टरी चला रहा है। नियंत्रण रेखा पर निगरानी सख्त होने के बाद पाकिस्तान मौसमी नदियों के नीचे सुरंगें बनाकर आतंकियों की घुसपैठ करा रहा है। यह बात वीरवार को सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर आए 20 देशों के राजनयिकों के दल को यहां बादामी बाग स्थित सैन्य मुख्यालय में दी।  

विज्ञापन


कश्मीर घाटी की सुरक्षा में तैनात सेना की 15वीं कोर के मुख्यालय में अधिकारियों ने राजनयिकों के इस दल को सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, हथियारों की आपूर्ति में पाकिस्तानी सेना की भूमिका और पड़ोसी मुल्क द्वारा बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन करने के बारे में ब्योरा दिया। कहा कि नियंत्रण रेखा पर सेना ने आतंकवाद रोधी ग्रिड में जबसे रणनीति बदली है तब से पाकिस्तानी प्रतिष्ठान प्राकृतिक गुफाओं और जम्मू क्षेत्र के सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौसमी नदियों के नीचे सुरंग खोद कर देश में आतंकवादियों को दाखिल करा रहे हैं। 

उन्होंने पाकिस्तान के आतंकवादी समूहों द्वारा घुसपैठ के लिए अपनाई जा रही तकनीकों के बारे में कहा कि सरहद पार के प्रतिष्ठान केंद्र शासित क्षेत्र में आंतक फैलाने के लिए आतंकवादियों को हर प्रकार की सहायता दे रहे हैं। पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर 2019 में घातक हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादी भी जम्मू क्षेत्र में एक सुरंग से घुसे थे। बताया कि एलओसी पर घुसपैठ की तमाम कोशिशें नाकाम करने के बाद भी पाकिस्तानी सेना सरहद पार आतंकवादी कैंप चला रही है। साथ ही कश्मीर में आतंकवादियों को घुसाने के लिए संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करती है।
विज्ञापन


आतंकियों से जब्त पाकिस्तान के निशान वाले हथियार दिखाए
अधिकारियों ने राजनयिकों को वे हथियार भी दिखाए जो आतंकवादियों से जब्त किए गए और उन पर पाकिस्तान की शस्त्र फैक्टरी का निशान भी बना था। युवाओं को गुमराह करने के लिए पाकिस्तानी प्रतिष्ठान इंटरनेट युद्ध चला रहे हैं। राजनयिकों को आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद करने में पाकिस्तानी सेना की भूमिका, घुसपैठ के तरीकों और पाकिस्तान द्वारा आतंकवादियों को ड्रोन के जरिये हथियार गिराने के बारे में भी जानकारी दी गई।

कश्मीर घाटी में हालात पर बुधवार शाम की घटना का जिक्र किया जहां शहर के उच्च सुरक्षा वाले इलाके में एक प्रमुख भोजनालय के मालिक के बेटे को आतंकवादियों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि यह कश्मीर में उदारवादी आवाजों या अपनी बात नहीं मानने वालों की आवाज बंद करने की आतंकवादियों की साजिश का एक हिस्सा है।

370 हटने के बाद पत्थरबाजी में तेजी से आई कमी
राज्य का दर्जा समाप्त किए जाने के बाद के हालात पर कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में किसी की जान नहीं गई है। कानून और व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं कम हुईं हैं और पथराव की घटनाओं में भी तेजी से कमी आई है। उन्होंने हाल ही में हुए जिला विकास परिषद चुनाव के बारे में भी राजनयिकों को जानकारी दी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें