कोरोना के बाद पहली बार सेना की बड़ी भर्ती रैली का आगाज होने जा रहा है। जम्मू संभाग के सभी दस जिलों के लिए 15 फरवरी से 10 मार्च तक मिलिट्री स्टेशन सुंजवां में आर्मी भर्ती आयोजित की जाएगी।15 दिनों तक चलने वाली सेना भर्ती के लिए 40 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। प्रतिदिन भर्ती स्थल पर 15 से 17 सौ युवा आएंगे।
भर्ती में आने वाले युवाओं को सरकारी अस्पताल से कोविड टेस्ट की रिपोर्ट साथ लानी होगी। पहले भर्ती 10 से शुरू होनी थी, लेकिन अब 15 से शुरू हो रही है। भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड 26 जनवरी से 9 फरवरी तक डाउनलोड किए जाने थे। कोविड-19 के बीच पहली बार भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। सुबह सात से दस बजे तक ही युवाओं को प्रवेश मिलेगा।
प्रदेश के युवाओं का आर्मी की भर्ती के प्रति काफी रुझान रहता है। प्रदेश में एक वर्ष के लंबे समय बाद आर्मी की भर्ती हो रही है। कोविड-19 को लेकर इस बार आर्मी ने विशेष गाइडलाइन जारी की है, जो आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। 15 से शुरू हो रही भर्ती रैली के पहले दिन डोडा जिले के युवा भाग ले सकेंगे। इसके बाद जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, पुंछ, राजोरी, रामबन, रियासी, सांबा और उधमपुर के युवाओं की भर्ती होगी। सबसे ज्यादा जम्मू जिले से 10087 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है।
इन पदों के लिए होगी भर्ती
पद आयु योग्यता
सैनिक जनरल ड्यूटी साढ़े 17 से 21 दसवीं पास
सैनिक टेक्निकल साढ़े 17 से 23 बारहवीं पास
सैनिक र्क्लक-स्टोर कीपर साढ़े 17 से 23 बारहवीं पास
सैनिक टेक एनए साढ़े 17 से 23 बारहवीं पास