जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा 2021 के एक अप्रैल से शुरू हो रहे अग्रिम पंजीकरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने देशभर में जम्मू-कश्मीर बैंक, येस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की 446 शाखाओं की सूची जारी की है। इसमें जम्मू-कश्मीर में 17 बैंक शाखाओं के शिव भक्तों का पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण के लिए कंपल्सरी हेल्थ सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य है, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य निदेशालय ने सभी सीएमओ से डॉक्टरों के नाम नामित करने को कहा है। नामित डॉक्टर और चिकित्सा केंद्र से ही प्रमाणपत्र जारी होंगे।
इस बार भोले के भक्तों के लिए बोर्ड की ओर से सुविधाओं में कई तरह का विस्तार किया जा रहा है, जिसमें उन्हें बालटाल से दोमेल तक 2.75 किमी मार्ग पर निशुल्क बैटरी कार सेवा भी मिलेगी। जिला जम्मू में पीएनबी बैंक अखनूर, पीएमबी बैंक रिहाड़ी चौक, बीसी रोड, जेएंडके बैंक बख्शी नगर जम्मू, जेएंडके बैंक गांधीनगर जम्मू, जेएंडके बैंक टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर जम्मू में यात्रियों का अग्रिम पंजीकरण होगा। मुगल रोड से कश्मीर तक जाने वाले यात्रियों के लिए पुंछ और राजोरी की बैंक शाखाओं में भी पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इसमें जेएंडके बैंक पुंछ और जेएंडके बैंक जवाहर नगर राजोरी से पंजीकरण होगा। इसी तरह अन्य राज्यों में आंध्र प्रदेश में 6, असम में 2, बिहार में 24, चंडीगढ़ में 8, दिल्ली में 38, गोवा में 1, गुजरात में 37, हरियाणा में 25, हिमाचल प्रदेश में 7, झारखंड में 8, पंजाब में 39, उत्तर प्रदेश में 56, उत्तराखंड में 11 आदि बैंक शाखाओं को सूचीबद्ध किया गया है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. रेणु शर्मा ने बताया कि सभी सीएमओ से डाक्टरों के नाम मांगे गए हैं, जिन्हें जल्द सूचीबद्ध किया जाएगा। यात्रियों के कोविड टेस्ट को लेकर अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं।