अखनूर। जल जीवन मिशन के तहत मैरा मेंदरियां और चौकी चौरा में 62 करोड़ की लागत से नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इससे पानी की किल्लत दूर होगी। यह बात डीडीसी सदस्य पंडित सुरेश शर्मा ने कही। उन्होंने वीरवार को गेस्ट हाउस अखनूर में जलशक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में योजनाओं की समीक्षा की। इसमें पानी की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई।
डीडीसी सदस्य सुरेश शर्मा ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत मैरा मेंदरिया के कुफी, बाला, बडूई और कांडी में 7.12 करोड़ से, संगानी मे 5.58 करोड़, कोटली परसोती में 3 करोड़, टरगाह, बलगाडा में 6.36 करोड, कठार, धड़ा, अरदान में 9 करोड, घराटल में 8.89 करोड, कयूर मे 4.41 करोड़ तथा चौकी चोरा ब्लॉक के अधीन राह, हरदू मलाडा में 2. 80 करोड़, साई गाला मे 3. 30 करोड़, तुरगला में 3.44 करोड़ की लागत से पानी के नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसके अलावा जहां जहां पाइपें खराब हो चुकी हैं, वहां नई पाइपें डाली जाएंगी। लोगों को पानी के नए कनेक्शन भी मिलेंगे। हर एक ट्यूबवेल पर स्टैंडबाई मशीनरी भी लगाई जाएगी।
सुरेश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनआरडीडब्ल्यूपी के तहत थोरनी जुथल पानी की योजना को इसी साल के अंत तक तैयार किया जाए। इस योजना पर 7.59 करोड़ खर्च होने हैं। मयूर पंचायत में 2.01 करोड़ की लागत से बन रही पानी की स्कीम को निर्धारित समय 31 मार्च 2022 तक पूरा करने को कहा। बैठक में जल शक्ति विभाग के एक्सईएन ब्रह्म ज्योति, एईई हरचरण सिंह, एईई वेद मगोतरा, अभियंता प्रदीप कुमार, विजय सलाथिया, बंसीलाल, संग्राम सिंह, विजय कपूर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।