अखनूर। गर्मी के बीच चिनाब नदी में नहाने गए 20 वर्षीय युवक तेज बहाव में लापता हो गया। युवक की पहचान सौरभ भगत पुत्र निवासी पटयाड़ी अंबारां अखनूर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सौरभ रविवार को अपने साथियों के साथ अखनूर के डगाह क्षेत्र में चिनाब नदी किनारे नहाने गया था। इस दौरान वह नदी के तेज बहाव में बह गया। साथियों ने तुरंत स्थानीय लोगों, परिजन और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में युवक की तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। सौरभ ने इसी साल 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। परिवार में उसकी एक छोटी बहन है जबकि उसके पिता मजदूरी कर सफेदी का काम करते हैं। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।