अखनूर। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को अखनूर क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत भी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज अखनूर पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन छात्र-छात्रा हॉस्टल भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस्तेमाल की जा रही सामग्री अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं लग रही। उन्होंने संबंधित विभाग और ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और हर हाल में सितंबर माह तक परियोजना को पूरा किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, छात्र-छात्रा हॉस्टल निर्माण कार्य वर्ष 2020-21 में करीब 18.70 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से शुरू किया गया था। अब तक विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 9.68 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जबकि करीब 9.20 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। परियोजना को पूरा करने के लिए अभी लगभग 5.68 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता बताई गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कॉलेज के विद्यार्थियों, स्टाफ और फैकल्टी सदस्यों से भी बातचीत कर संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं और आवास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद उन्होंने सरकारी नर्सिंग कॉलेज अखनूर का भी दौरा किया और वहां चल रहे विकास कार्यों तथा शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए समय पर पूरा किया जाए।