अखनूर। आर्मी पब्लिक स्कूल अखनूर ने एसजीएच पब्लिक स्कूल कपूरथला में आयोजित अंडर-19 बॉयज वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। 17 से 20 जुलाई तक चले टूर्नामेंट में देशभर की 42 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें अखनूर की टीम ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और दमदार टीम भावना के दम पर सभी छह मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल अखनूर ने एमआर सिटी पब्लिक स्कूल बलाचौर को 3-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। यह जीत टीम के शानदार समन्वय और रणनीति का परिणाम रही। इस प्रतियोगिता में आकाश मनहास को उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए ''''सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी'''' चुना गया, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली खेल दिखाकर दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता देवी, स्कूल प्रबंधन समिति और समस्त विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे अखनूर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।