तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर जम्मू संभाग में 25 हेक्टेयर जमीन पर मंदिर बनेगा। राज्य सरकार ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 40 साल की लीज पर जमीन देने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार जम्मू जिले के सिद्दड़ा़ क्षेत्र के गांव मजीन में भव्य तिरुपति मंदिर का निर्माण होगा। राजस्व विभाग ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट को मजीन गांव में 496 कनाल 17 मरला सरकारी भूमि को ट्रांसफर करने की मंजूरी दे दी है।
इस तीर्थ परिसर में वेद पाठशाला, आध्यात्मिक/ध्यान केंद्र, कार्यालय, आवासीय क्वार्टर, पार्किंग आदि का निर्माण किया जाएगा। भविष्य में इस परिसर में चिकित्सा और शैक्षिक सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में टीटीडी को भूमि लीज पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
जम्मू-कश्मीर में टीटीडी का आगमन आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ मंदिरों के शहर जम्मू में विशेष रूप से तीर्थ पर्यटन की संभावनाओं को पूरा करेगा। यह पर्यटकों को जम्मू शहर में आने और लंबे समय तक रहने में सक्षम बनाएगा। जम्मू-कश्मीर राज्य के पुनर्गठन के बाद यह पहला फैसला लिया गया है जिसमें पर्यटन के लिहाज से किसी देवस्थानम को लीज पर भूमि दी जा रही है। ज्ञात हो कि 1932 में तमिलनाडु सरकार ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड का गठन किया था।
धार्मिक पर्यटन को लगेंगे पंख
टीटीडी की ओर से मंदिर तथा अन्य संरचनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बल मिलेगा। माता वैष्णो देवी व अमरनाथ यात्रा के साथ ही धार्मिक पर्यटकों की संख्या यहां बढ़ेगी। इससे यहां रोजगार के साधन भी सृजित होंगे। साथ ही मंदिर परिसर के आस-पास के इलाकों में व्यवसाय को भी बल मिलेगा।
तिरूपति बाला जी के रूप में विराजमान हैं भगवान विष्णु
आंध्र प्रदेश की तिरुमाला की पहाड़ियों में भगवान विष्णु तिरुपति बालाजी के रूप में पत्नी पद्मावति के साथ विराजमान हैं। यहां साल भर श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस मंदिर की गणना देश के कुछ सबसे अमीर मंदिरों में होती है। यहां श्रद्धालु अपनी मान्यता पूरी होने पर केश दान करते हैं।