जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के जुमगुंड इलाके से सटी सीमा पर पाकिस्तान के स्नाइपर शॉट से सेना के दो ऑफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए। यह घटना शुक्रवार दोपहर हुई जब पाकिस्तान ने सीजफायर उल्लंघन किया। सेना के अधिकारीयों ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर का उल्लंघन 2/8 जीआर पोस्ट पर किया गया। यह पोस्ट कुपवाड़ा जिले के जुमगुंड इलाके में भारत-पाक सीमा पर है।
हमले के तुरंत बाद दोनों ऑफिसर सूबेदार गमर थापा (42) और सूबेदार रमन थापा को सेना के ड्रगमुला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान सूबेदार गमर थापा की मौत हो गई। वहीं सूबेदार रमन थापा को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई है।
एसएसपी कुपवाड़ा अम्बरकर श्रीराम दिनकर ने बताया कि 2/8 जीआर पोस्ट पर पाकिस्तान के सीजफायर उल्लंघन में सेना के दो जेसीओ शहीद हो गए हैं।
एक साल में 14 जवान हुए शहीद
2018 में अब तक स्नाइपिंग के मामलों में 14 के करीब मौतें हो चुकी है। नवंबर में तीन मौतों से पहले सितंबर में भी तीन सुरक्षाकर्मी स्नाइपिंग में शहीद हुए थे। कश्मीर में स्नाइपर अटैक की पहली घटना इस साल 18 सितंबर को पुलवामा में हुई। इसमें एक सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हुआ। इसके बाद से कश्मीर के त्राल एक सशस्त्र सीमा बल के एक जवान ऐसे हमले में शहीद हुआ। स्नाइपर गन से आतंकवादियों ने एक सैनिक व नौगाम के सीआईएसएफ के जवान को भी शहीद कर दिया।