-लोगों ने चार घंटे तक नेशनल हाईवे बंद रखा, नौकरी और मुआवजे की मांग
-एडीसी और एसपी ने मौके पर पहुंच लोगों को दिया कार्रवाई का आश्वासन
-श्रीनगर, उधमपुर और कटड़ा जाने वाले श्रद्धालु रहे परेशान
झज्जर कोटली के रहने वाले एक टैंकर ड्राइवर की कश्मीर में हत्या कर दी गई। इससे गुस्साए परिजनों ने नेशनल हाईवे को बंद कर दिया। चार घंटे तक दोमेल चौक को बंद रखा गया। इससे कश्मीर और कटड़ा आने जाने वाले हजारों लोगों व श्रद्धालुओं को हाइवे पर ही रुकना पड़ा।
विज्ञापन
काफी देर तक लोगों के प्रदर्शन करने पर जम्मू के एडीसी और एसपी रूरल मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच होगी। एक कमेटी का गठन भी किया गया। जो मामले की जांच करेगी। परिजनों ने मृतक के परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी देने और मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह पेशे से टैंकर ड्राइवर हैं। वह बुधवार को कश्मीर गए थे। उनका शव टैंकर के भीतर मिला। वीरवार को शव झज्जर कोटली लाया गया। परिजन शव लेकर दोमेल चौक पहुंच गए। इसी चौक से कटड़ा और उधमपुर, श्रीनगर के लिए हाईवे जाता है। शव को चौक पर रखकर हाईवे बंद कर दिया। परिजनों ने मांग करते हुए कहा कि हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। साथ ही कहा कि परिवार की आर्थिक हालात ठीक नहीं है।
विज्ञापन
प्रताप ही घर की रोजी-रोटी चलाते थे। इसलिए परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजा दिया जाए। आक्रोशित लोगों ने मांगों को लेकर कई घंटे तक रास्ता बंद रखा। दोपहर को जम्मू के एडीसी और एसएपी रूरल मौके पर पहुंचे। लोगों से बातचीत की। कहा कि इस मामले की जांच होगी। उच्च प्रशासन से मुआवजे और नौकरी को लेकर बात की जाएगी। इस आश्वासन पर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद जाकर हाईवे पर यातायात बहाल हुआ।