जम्मू कश्मीर सरकार का बजट बुधवार को पेश होगा। वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू तीसरी बार सदन में बजट रखेंगे। विधान परिषद में वित्त राज्य मंत्री अजय नंदा बजट पेश करेंगे। पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के बजट से रियासत के लोगों को ढेर सारी उम्मीदें हैं।
पांच महीने तक कश्मीर घाटी में रही अशांति की वजह से जनता पर करों का बोझ डालने की उम्मीद कम दिख रही है। बजट पर रियासत के लोगों के अलावा विपक्षी दलों की निगाहें भी टिकी हुई हैं। ज्ञात हो कि पहली बार रियासत में जनवरी में बजट पेश किया जा रहा है।
इसके पीछे सरकार की मंशा यह है कि नए वित्तीय वर्ष के शुरुआत में ही विभागों को आवश्यक कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध हो जाएगी। सरकार से जुड़े लोगों का कहना है कि बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा। महिलाओं, युवाओं, किसानों, कामगारों, उद्यमियों, व्यापारियों, कर्मचारियों तथा छात्रों के हित की घोषणा हो सकती है।