जिले के बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में तीन स्थानों पर वीरवार को आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स के पोस्टर चस्पा मिले। पुलिस के पहुंचने से पहले ही इन पोस्टरों को स्थानीय लोगों द्वारा हटा लिया गया था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस को मौके से पोस्टर नहीं मिले।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की
पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ भी हासिल नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली कि बाड़ी ब्राह्मणा म्यूनिसिपल पार्क, पशुपालन और डेयरी विभाग पुरमंडल मोड और तरोड़ क्षेत्र में देश विरोधी पोस्टर लगे हैं।
उर्दू और अंग्रेजी में भड़काऊ बयानबाजी की
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि तीनों ही स्थानों से पोस्टर हटा दिए गए थे। उर्दू और अंग्रेजी में भड़काऊ बयानबाजी की गई थी। सूचना के बाद तीनों स्थानों पर दिनभर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का जमावड़ा लगा रहा।
सीसीटीवी कैमरा आसपास लगा न होने के कारण पोस्टर लगाने वाले के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। एसडीपीओ उस्मान चौधरी ने बताया कि देश विरोधी पोस्टर लगाना आतंकवादी संगठन जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स का काम है।
विवादित पोस्टरों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पहले ही पोस्टर हटा दिए गए थे। लगाने और हटाने वालों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
इस संबंध में बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस थाने में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून की धारा 13 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच चल रही है। - अभिषेक महाजन, एसएसपी-सांबा