जम्मू कश्मीर स्कूल बोर्ड ऑफ एजेकूशन के स्कूलों में कक्षा एक से 9 के छात्रों की परीक्षाएं मार्च में होंगी। इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। जम्मू कश्मीर में स्कूल शिक्षा विभाग में एक समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने को हाल ही में मंजूरी दी गई है। प्रदेश में विंटर जोन को समाप्त कर अब पूरे जम्मू कश्मीर में देश के अन्य हिस्सों की तरह ही एक साथ शिक्षा सत्र शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यानी अब पूरे जम्मू कश्मीर में 10वीं से 12वीं कक्षा की परीक्षाएं एक साथ मार्च-अप्रैल में ही होंगी।
परीक्षा का यह शेड्यूल मौजूदा अकादमिक सत्र से ही तत्काल प्रभावी माना जाएगा। बता दें कि जारी किए गए नए शेड्यूल के अनुसार हार्ड जोन को छोड़कर जम्मू संभाग व कश्मीर संभाग की परीक्षाएं मार्च में होंगी। हार्ड जोन में वे दूरदराज व दुर्गम क्षेत्र आएंगे, जहां सर्दियां बीतने के बाद तक बर्फ पड़ी रहती है। जम्मू व कश्मीर संभाग के हार्ड जोन और लद्दाख की परीक्षाएं अप्रैल में होंगी। जम्मू संभाग, कश्मीर संभाग और हार्ड जोन की परीक्षाओं का परिणाम जून में निकाला जाएगा।