बारामुला में शनिवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। मुठभेड़ में सेना के दो जवान और एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। ऑपरेशन के दौरानएक खोजी कुत्ते की मौत हुई है। मुठभेड़ स्थल पर भारी मात्रा में हथियार और असलहा बरामद किया गया है।
शनिवार तड़के बारामुला जिले के वानीगाम बाला में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सेना, पुलिस और एसओजी के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक मकान में छिपे दहशतगर्दों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसमें सेना के दो और पुलिस का एक जवान घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी ढेर दिया। रिहाइशी इलाका होने के चलते सुरक्षा बलों ने संयम बरतते हुए ऑपरेशन को अंजाम दिया। बारामुला के एसएसपी रईस मोहम्मद भट के अनुसार मारे गए आतंकी की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मुठभेड़ स्थल से एक एके47 राइफल, तीन मैगजीन और एक पाउच के अलावा अन्य हथियार व असलहा मिला है। फिलहाल ऑपरेशन बंद कर दिया गया है।
मस्जिद व रिहायशी इलाके को नहीं होने दिया नुकसान
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल के पास मस्जिद शरीफ और रिहायशी इलाका होने के चलते सेना व पुलिस ने संयम बरतते हुए विस्फोटकों का न्यूनतम उपयोग किया। इसमें बड़े हथियारों व असलहे का इस्तेमाल नहीं किया गया। अधिकारी ने बताया कि अमूमन मुठभेड़ के दौरान आईईडी और एमएलजी आदि का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन मस्जिद और रिहायशी इलाके में नुकसान को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए।