जम्मू-कश्मीर कठुआ जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन सैन्य कर्मियों के अलावा एक महिला शामिल हैं। दुर्घटना में घायल सैन्य कर्मियों को जंगलोट स्थित सेना की डिस्पेंसरी में इलाज के लिए पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें पठानकोट सेना के अस्पताल भेज दिया गया है। पांच अन्य घायलों का जीएमसी कठुआ में उपचार जारी है।
पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह उस समय पेश आई, जब जम्मू की ओर से आ रहा सेना का ट्रक आगे चल रहे एक टेंपो ट्रैवलर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और वह सहार खड्ड के पुल से नीचे जा गिरा। इसके चलते ट्रक में सवार ट्रक के चालक गुरविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वही हवलदार सोनी कुमार और लांस नायक सुरेश सिंह को भी काफी चोटें आई हैं।
वहीं दूसरा हादसा जखबड़ के पास हुआ जहां मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच हुई टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार बाबू पुत्र सैफ अली उसकी पत्नी शाह बीवी व भाई मस्कीन अली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोपहर बाद लखनपुर-बसोहली मार्ग पर बसंतपुर के पास बस से गिरने से 34 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी पहचान सुरेश कुमार पुत्र जगन्नाथ निवासी महा पाटी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- जम्मू के पुराने बस स्टैंड की तस्वीरें देख चौंक जाएंगे, नया बस स्टैंड बनने के बाद भी नहीं मिली राहत
इसके अलावा एक अन्य घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालीबाड़ी में विपरीत दिशा से आ रही एक मारुति कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें स्कूटी पर सवार 66 वर्षीय व्यक्ति मुन्नालाल पुत्र बोधराज निवासी लखनपुर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सभी घायलों को जीएमसी कठुआ में लाया गया है जहां उनका उपचार जारी है। वही इन सड़क दुर्घटनाओं के मामले में पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।