नौशेरा सेक्टर में पकड़ी गई हेराइन की खेप
- फोटो : संवाद
सुरक्षा बलों ने नौशेरा सब डिवीजन के झांगड़ इलाके में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा पर नशीले पदार्थों की तस्करी को नाकाम करते हुए 8 किलो 960 ग्राम हेरोइन बरामद की है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 45 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजोरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि झांगड़ इलाके में नशे की एक बड़ी खेप पहुंच चुकी है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस, सेना और बीएसएफ ने इलाके की घेराबंदी कर व्यापक स्तर पर संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया।
इस दौरान एक स्थान से नशीले पदार्थों के पांच पैकेट मिले,जिनका वजन 8 किलो 960 ग्राम था। इसे सुरक्षाबलों ने जब्त कर लिया। नौशेरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि एलओसी पर इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी नशा तस्करी के प्रयास की ओर इशारा करती है। इस प्रयास को सुरक्षाबलों की सतर्कता के चलते नाकाम कर दिया गया है।
पुलिस तार जोड़ने में जुटी
पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहां से और किस माध्यम से यहां पहुंची थी। किस व्यक्ति ने इसे यहां छिपया था और किसके माध्यम से यह आगे भेजी जानी थी।