शहर में बस टर्मिनल कम पार्किंग मिलने के बावजूद वाहन चालक सुविधा लेने को तैयार नहीं हैं। यातायात पुलिस बीसी रोड, शालामार रोड, रघुनाथ बाजार, सर्कुलर रोड पर सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं दे रही है। बावजूद इसके चालक सड़क किनारे ही वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। इससे चालकों और यातायात पुलिस के बीच बहस भी हो रही है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़कों किनारे वाहन पार्क नहीं होने दिए जाएंगे। यहां पर बहुमंजिला पार्किंग सुविधा दी गई है।
सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम लग रहा है। हादसों का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में लोग वाहन पार्किंग में ही खड़े करें। शुक्रवार को भी पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवा दिया। इस दौरान पुलिस और वाहन चालकों के बीच कहासुनी भी हुई। कई वाहन चालक पार्किंग शुल्क देने को तैयार नहीं हैं। कुछेक लोगों ने स्थानीय होने की बात कही। उनका कहना है कि घर के पास ही वाहनों को पार्क करेंगे।
कुछ वाहन चालकों का कहना है कि बाजार से सामान सिर पर उठाकर पार्किंग तक पहुंचाना पड़ेगा। ऐसे में वाहन पार्किंग में खड़ा करना ठीक नहीं। अब पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि चालक सड़क में वाहन खड़े करते हैं तो चालान किए जाएंगे। हर रोज सचिवालय रोड के किनारे वाहन पार्क हो रहे हैं। सिटी रोड में भी यही हाल है। रघुनाथ बाजार में भी सड़क के एक ओर वाहन खड़े किए जा रहे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : इस स्कूल के शौचालय की खस्ताहालत से विद्यार्थी परेशान, देखें तस्वीरें
जलशक्ति विभाग को भी वाहन पार्किंग में खड़े करने को लिखा
पुलिस ने जलशक्ति विभाग को भी बीसी रोड के बजाय पार्किंग में वाहन खड़े करने को पत्र लिखा है। सड़क किनारे वाहन पार्क होने से सरकारी वाहनों के भी चालान होंगे। बीसी रोड में लग रहे वाहन चालकों को भी अखिरी बार हिदायत दे दी गई है। अब कार्रवाई की जाएगी।
अब जेडीए ने बहुमंजिला पार्किंग सुविधा दी है। सड़क किनारे वाहन पार्क होने से लंबा जाम लग रहा है। बिना कारण रुके वाहनों के चालान किए जाएंगे। पुलिस चालकों को वाहन न लगाने के लिए कह रही है।
- शिवाली, डीएसपी, ट्रैफिक पुलिस